प्रयागराज। राजधानी लखनऊ में हाल ही में हुए कोचिंग संस्थान अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था और भवन मानकों की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने सिविल लाइंस क्षेत्र में संचालित खान ग्लोबल क्लासेज के एक केंद्र को सील कर दिया।
प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि संबंधित भवन का उपयोग स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार भवन का नक्शा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्वीकृत था, जबकि कोचिंग संस्थान के संचालन के लिए आवश्यक श्रेणी की अनुमति उपलब्ध नहीं थी।
कार्रवाई के दौरान संस्थान में मौजूद विद्यार्थियों को पहले सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद परिसर को खाली कराकर संबंधित हिस्से को सील कर दिया गया। साथ ही संस्थान के बाहर नोटिस चस्पा कर बिना अनुमति सील तोड़ने या दोबारा संचालन शुरू करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ की घटना के बाद शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा मानकों, भवन उपयोग और अन्य आवश्यक नियमों की जांच की जा रही है। जहां भी अनियमितताएं पाई जाएंगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है और कई संस्थान अपने दस्तावेज एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा में जुट गए हैं।

0 टिप्पणियाँ